राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम. को मिला इको वॉरियर अवार्ड, तकनीक के अभिनव उपयोग के लिए किया गया सम्मानित
राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम. को वन्यजीव संरक्षण, प्रबंधन और पर्यटक अनुभवों में तकनीक के अभिनव एवं प्रभावी उपयोग के लिए प्रतिष्ठित इको वॉरियर अवार्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें ‘बेस्ट यूज ऑफ टेक्नोलॉजी’ श्रेणी में यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। नई दिल्ली के रंग भवन, ऑल इंडिया रेडियो, संसद मार्ग में आयोजित समारोह में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।
इको वॉरियर अवार्ड्स के चौथे संस्करण का आयोजन इंडियन मास्टरमाइंड्स की ओर से भारतीय वन सेवा संघ के सहयोग से किया गया। वर्ष 2023 में शुरू किए गए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के तहत राम सुन्दर एम. बिहार कैडर के प्रथम भारतीय वन सेवा अधिकारी बने हैं, जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
यह सम्मान राजगीर जू सफारी में उनके नेतृत्व में किए गए तकनीक आधारित और परिवर्तनकारी प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन को आधुनिक तकनीकी समाधानों के साथ जोड़ने की दिशा में कई पहल की गई हैं। इसके माध्यम से संरक्षण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ पर्यटकों के अनुभव को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।
राजगीर जू सफारी में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के उपयोग से वन्यजीव संरक्षण, प्रबंधन और पर्यटन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पर्यटकों को प्रकृति और वन्यजीवों को करीब से समझने का अवसर मिलने के साथ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
राम सुन्दर एम. को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान राजगीर जू सफारी के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे संस्थान की नवाचार, वैज्ञानिक प्रबंधन और जिम्मेदार पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है। यह उपलब्धि आधुनिक तकनीक के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण को अधिक प्रभावी और पर्यटक हितैषी बनाने की दिशा में राजगीर जू सफारी की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।
Reviewed by News Bihar Tak
on
September 29, 2026
Rating:

No comments: